मिर्जापुर में बकरीद पर हाई अलर्ट: डीएम-एसपी ने शहर में किया फ्लैग मार्च

बकरीद पर हाई अलर्ट: डीएम-एसपी ने शहर में किया फ्लैग मार्च, ड्रोन और सोशल मीडिया से रखी जा रही निगरानी

मिर्जापुर। ईद-उल-जूहा (बकरीद) पर्व को सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के साथ नगर क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले इलाकों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने इमामबाड़ा, कंतित सहित अन्य प्रमुख स्थानों, ईदगाहों और मस्जिदों का निरीक्षण किया, जहां बकरीद की नमाज अदा की जानी है। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। साथ ही जनपदवासियों से आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की गई।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता फैलाने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि भ्रामक खबरों या अफवाहों पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। इसके अलावा जनपद के विभिन्न इलाकों में ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी निगरानी की व्यवस्था की गई है।

जनपदीय पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि बकरीद का पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया जा सके।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें