मिर्जापुर में मतदाता सूची से 3,42,761 मतदाता कटे

मतदाता सूची का प्रकाशन, 11 जनवरी को होगी सार्वजनिक पठन प्रक्रिया
मीरजापुर।
निर्वाचक नामावलियों के विशेष पुनरीक्षण–2026 के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी पवन कुमार गंगवार ने मंगलवार को जनपद स्तर पर मतदाता सूची का औपचारिक प्रकाशन किया। इस अवसर पर प्रमुख राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को भी प्रकाशित मतदाता सूची की प्रतियां उपलब्ध कराई गईं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रकाशित मतदाता सूची जनसामान्य के अवलोकन के लिए सभी मतदान स्थलों पर उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही 11 जनवरी 2026 को सभी मतदान केन्द्रों पर बीएलओ द्वारा जनसामान्य एवं बूथ लेवल एजेंटों के समक्ष मतदाता सूची का पठन कर सुनाया जाएगा। इस संबंध में प्रेस वार्ता कर प्रेस प्रतिनिधियों को भी विस्तृत जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 01 जनवरी 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए मतदाता सूची का यह प्रकाशन किया गया है। विधानसभा क्षेत्र स्तर पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय (तहसील) में संबंधित अधिकारियों द्वारा यह प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
प्रकाशित आंकड़ों के अनुसार जनपद की पांच विधानसभा सीटों में कुल 15 लाख 67 हजार 539 मतदाता दर्ज हैं। इसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 8 लाख 55 हजार 675, महिला मतदाताओं की संख्या 7 लाख 11 हजार 825 तथा अन्य श्रेणी में 39 मतदाता शामिल हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि एसआईआर गणना अवधि के दौरान 53 हजार 833 मतदाता मृत पाए गए। इसके अतिरिक्त 83 हजार 24 अन्यत्र स्थानांतरित, 1 लाख 69 हजार 275 संभावित शिफ्टेड, 34 हजार 685 आलरेडी इनरोल्ड तथा 1 हजार 944 मतदाता डुप्लीकेट श्रेणी में पाए गए। इस प्रकार कुल 3 लाख 42 हजार 761 मतदाता अनक्लेमेबल श्रेणी में दर्ज किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि 06 जनवरी 2026 से 06 फरवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियां (फॉर्म 6, 7 एवं 8) स्वीकार की जाएंगी। जिन नागरिकों की आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है अथवा जिनका नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, वे फॉर्म-6 भरकर अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। वहीं नाम में त्रुटि सुधार या स्थानांतरण के लिए फॉर्म-8 तथा आपत्ति के लिए फॉर्म-7 का प्रावधान है।
मतदाता स्वयं निर्वाचन आयोग के पोर्टल ECINET mobile app अथवा https://voters.eci.gov.in/ के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी अशोक कुमार त्रिपाठी, डिप्टी कलेक्टर संजीव कुमार, जीडी बिनानी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।