
मिर्जापुर में शुक्रवार दोपहर 12:00 बजे लेखपाल 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, फोटोकॉपी संचालक भी पकड़ा गया
मिर्जापुर में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने सदर तहसील में तैनात लेखपाल सत्येंद्र सिंह बघेल को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया और देहात कोतवाली ले आई। लेखपाल खैरा-जिगना क्षेत्र का कार्य देख रहे थे।
जानकारी के अनुसार, जिगना थाना क्षेत्र के एक निवासी ने शिकायत की थी कि लेखपाल द्वारा उससे कार्य के बदले घूस मांगी जा रही है। शिकायत के आधार पर एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की। इस दौरान निजी फोटोकॉपी दुकान पर रिश्वत का लेनदेन किया जा रहा था, जहां टीम ने छापेमारी कर लेखपाल को रकम लेते हुए मौके पर ही पकड़ लिया।
इस प्रकरण में परमेश्वर कुमार, जो उक्त फोटोकॉपी दुकान के संचालक बताए जा रहे हैं, की भी भूमिका सामने आई है। टीम ने उन्हें भी मौके से गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद तहसील परिसर में हड़कंप मच गया और अन्य कर्मचारियों में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है।
एंटी करप्शन टीम का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जाएगी। एंटी करप्शन की टीम में निरीक्षक पतीराम यादव एवं कृष्ण अवतार सिंह भीम शंकर मिश्रा के साथ अन्य टीम के लोग मौजूद रहे।















