
नशाखोरी के खिलाफ सख्ती, सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वाले 3 गिरफ्तार
अवैध वाहनों और नशाखोरी पर मिर्जापुर पुलिस का सख्त अभियान, 354 वाहनों का चालान, 4.30 लाख का समन शुल्क वसूला
मिर्जापुर में यातायात नियमों के उल्लंघन और सार्वजनिक स्थानों पर मादक पदार्थों के सेवन के खिलाफ पुलिस ने व्यापक अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर शुक्रवार को शाम 5:30 बजे से रात 8:30 बजे तक जनपद भर में सघन चेकिंग कराई गई।
अभियान के दौरान अवैध वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए जनपद के कुल 92 स्थानों पर चेकिंग की गई, जिसमें
1754 वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 354 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 4 वाहनों को सीज किया गया। इस कार्रवाई में कुल 4 लाख 30 हजार 500 रुपये का समन शुल्क वसूला गया।
इसी क्रम में सार्वजनिक स्थानों पर मादक पदार्थों का सेवन करने वालों के खिलाफ भी सख्ती बरती गई। पुलिस ने जनपद के 71 स्थानों पर चेकिंग कर 3 अभियोग पंजीकृत किए और 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 30 लीटर अवैध देशी कच्ची शराब बरामद की गई।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था, यातायात सुरक्षा और नशामुक्ति को लेकर ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।















