
मिर्जापुर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया होली का पर्व, शांतिपूर्ण आयोजन से प्रशासन ने ली राहत की सांस

मीरजापुर। जनपद में रंगों का पर्व होली गुरुवार को हर्षोल्लास एवं पारंपरिक उत्साह के साथ शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो
गया। पूरे जिले में लोगों ने आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ होली मनाई। कहीं भी किसी प्रकार की बड़ी अप्रिय घटना की सूचना न मिलने से प्रशासन एवं पुलिस ने राहत की सांस ली।

होली के अवसर पर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सुबह से ही लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। विभिन्न स्थानों पर पारंपरिक ढंग से होली का आनंद लिया गया तथा लोगों ने एक-दूसरे के घर पहुंचकर बधाई दी।
त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती के साथ अधिकारी लगातार भ्रमणशील रहे और कानून-व्यवस्था पर नजर बनाए रखी। प्रशासन की सतर्कता और नागरिकों के सहयोग से जनपद में होली का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने जनपदवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोगों ने आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाकर मीरजापुर की परंपरा को कायम रखा है। वहीं पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने भी सभी नागरिकों को होली की बधाई देते हुए कहा कि जनपदवासियों के सहयोग से पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, जिसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह शांति और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की।















