
भैंसा नहर तिराहा से 5 करोड़ की MDMA के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

मीरजापुर। जनपद में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कछवां व एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त पुलिस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 5 करोड़ रुपये की अंतरराष्ट्रीय कीमत की एमडीएमए (MDMA) के साथ तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 9 अप्रैल 2026 को भैंसा नहर तिराहा के पास की गई।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी सदर के मार्गदर्शन में यह सफलता मिली। प्रभारी थानाध्यक्ष के रूप में कार्यरत सहायक पुलिस अधीक्षक (प्रशिक्षणाधीन) के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर मोटरसाइकिल सवार तीन अभियुक्तों को दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में इन्द्रेश कुमार सिंह उर्फ बुल्ला (28), विनीत सिंह उर्फ विकास सिंह (31) और अमित कुमार सिंह उर्फ सिपाही (35) निवासी ग्राम बरैनी थाना कछवां शामिल हैं। इनके कब्जे से 1.170 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ (MDMA), चार मोबाइल फोन और 600 रुपये नकद बरामद किए गए। साथ ही बिना वैध कागजात के मिली एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल (UP63AX7354) को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे यह मादक पदार्थ जनपद भदोही से खरीदकर वाराणसी में ऊंचे दामों पर बेचने के लिए ले जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
इस संबंध में थाना कछवां पर मु0अ0सं0-63/2026 धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने सभी अभियुक्तों को न्यायालय भेजते हुए मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक अमरजीत चौहान, निरीक्षक राजीव सिंह व उपनिरीक्षक विनय कुमार दुबे सहित थाना कछवां व एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम शामिल रही।












