मिर्जापुर में10 व्यक्तियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई

मीरजापुर पुलिस की सख़्त कार्रवाई, धर्म परिवर्तन से लेकर गैंगस्टर व चोरी तक कई मामलों में गिरफ्तारी
मीरजापुर। जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के क्रम में मीरजापुर पुलिस ने सोमवार को अलग–अलग थाना क्षेत्रों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए धर्म परिवर्तन, गैंगस्टर एक्ट, अवैध शराब और चोरी के मामलों में कई अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका में 10 व्यक्तियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई।
थाना राजगढ़ पुलिस ने धर्म परिवर्तन के एक मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया। इस संबंध में 07 नवंबर 2025 को दर्ज मुकदमे में आरोप था कि वादी को धन का प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन का प्रयास किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए राजनाथ प्रजापति निवासी सोनभद्र को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया।
वहीं थाना कोतवाली देहात पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अभियुक्त प्यारे मोहन उर्फ श्रीप्रकाश को गिरफ्तार किया। अभियुक्त के विरुद्ध गिरोहबन्द एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत था। गिरफ्तारी के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
थाना सन्तनगर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान के तहत एक अभियुक्त को 20 पाउच देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी गुड्डू निषाद के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई।
इसके अलावा थाना विन्ध्याचल पुलिस ने चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया। अभियुक्तों के कब्जे से चोरी के तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए। दोनों को संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेजा गया।
जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126/135 के तहत 10 व्यक्तियों का चालान किया। इसमें कोतवाली देहात, चिल्ह, पड़री, हलिया और अदलहाट थानों से दो–दो व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख़्त कार्रवाई की जाएगी।