
मीरजापुर की बेटी आरोही दुबे बनीं ‘एक दिन की जिलाधिकारी’‘एक दिन की जिलाधिकारी’ बनीं आरोही दुबे, सुनी जनसमस्याएं और किया समाधान
मीरजापुर, 06 अप्रैल 2026। मिशन शक्ति अभियान 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में मेगा इवेंट ‘हक की बात जिलाधिकारी के साथ’ एवं ‘एक दिन की जिलाधिकारी’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के तहत वर्ष 2024-25 की यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट टॉपर छात्रा आरोही दुबे को एक दिन का जिलाधिकारी बनाया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे, राज्य महिला आयोग की सदस्य नीलम प्रभात सहित अन्य अधिकारियों ने बुके देकर उनका स्वागत किया।
एक दिन की जिलाधिकारी बनीं आरोही दुबे ने पद संभालते ही आमजन की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान आए जमीनी विवाद के प्रकरण का उन्होंने प्रभावी ढंग से समाधान किया, जिसे देख उपस्थित छात्राओं का उत्साह बढ़ा। इसके साथ ही उन्होंने ‘हक की बात जिलाधिकारी के साथ’ कार्यक्रम में भी भाग लिया और छात्राओं की जिज्ञासाओं का जवाब देकर उन्हें प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने छात्राओं को शिक्षा और भविष्य की तैयारी को लेकर महत्वपूर्ण टिप्स दिए। वहीं नीलम प्रभात ने छात्राओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे ने भी आरोही दुबे की सराहना करते हुए अन्य छात्राओं को सफलता के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान कुल 13 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 5 का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। कार्यक्रम का संचालन जिला मिशन कोऑर्डिनेटर डॉ. मंजू यादव ने किया। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों की छात्राएं एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।















