मीरजापुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, नाबालिग को सकुशल बरामद कर आरोपी गिरफ्तार

मीरजापुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, नाबालिग को सकुशल बरामद कर आरोपी गिरफ्तार

मीरजापुर, 09 जुलाई 2026। मीरजापुर पुलिस ने गुरुवार को अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए नाबालिग किशोरी को सकुशल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया, अवैध शराब के साथ एक तस्कर को पकड़ा तथा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 20 लोगों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।

नाबालिग को भगाने के मामले में आरोपी गिरफ्तार, किशोरी बरामद

थाना पड़री क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के संबंध में तहरीर दी थी। मामले में थाना पड़री पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में आरोपी की गिरफ्तारी और किशोरी की बरामदगी के लिए टीम गठित की गई।

थाना पड़री पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर झिंगुरा रेलवे स्टेशन के बाहर टैक्सी स्टैंड के पास से आरोपी आशीष पुत्र बाबूलाल निवासी दुल्लहपुर, थाना पड़री को गिरफ्तार कर लिया तथा अपहृता को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया।

जिगना पुलिस ने 48 पाउच अवैध शराब के साथ एक आरोपी को पकड़ा

जनपद में अवैध शराब और मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जिगना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उपनिरीक्षक चन्द्रशेखर प्रसाद एवं लवकुश शुक्ला ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर छतरीपुर गांव के पास से अजय बिन्द पुत्र मुरलीधर बिन्द निवासी बजटा चकिया, थाना जिगना को गिरफ्तार किया।

तलाशी के दौरान उसके पास से 200 मिलीलीटर के 48 पाउच अवैध देशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 20 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126/135 के तहत 20 व्यक्तियों का चालान किया।

थानावार कार्रवाई में कोतवाली कटरा से 8, चील्ह से 1, लालगंज से 3, चुनार से 1, अदलहाट से 2, अहरौरा से 2 तथा मड़िहान थाना क्षेत्र से 3 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें