
मीरजापुर में पुलिस की बड़ी कामयाबी: 10 गुमशुदा मोबाइल बरामद कर स्वामियों को सौंपे
मीरजापुर। थाना अदलहाट पुलिस टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए गुम/खोए हुए 10 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुरक्षित सुपुर्द किया है। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत लगभग 1.7 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन और क्षेत्राधिकारी चुनार के नेतृत्व में थाना अदलहाट पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई। तकनीकी संसाधनों और सतत प्रयासों के माध्यम से पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों से गुम मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए।
अपने मोबाइल फोन सकुशल वापस मिलने पर सभी स्वामियों ने थाना अदलहाट पहुंचकर मीरजापुर पुलिस के उच्चाधिकारियों एवं पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया और पुलिस की तत्परता की प्रशंसा की।
पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए मोबाइल गुम होने की स्थिति में आवश्यक सावधानियां अपनाने की सलाह दी है। पुलिस के अनुसार, मोबाइल खो जाने पर तत्काल नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज करानी चाहिए अथवा प्ले स्टोर से UPCOP ऐप डाउनलोड कर e-FIR दर्ज कराई जा सकती है। साथ ही मोबाइल में लगे सिम को बंद कराकर उसी नंबर से नया सिम निकलवाना चाहिए।
इसके अलावा CEIR पोर्टल (संचार साथी) पर जाकर गुम या चोरी हुए मोबाइल का विवरण, खरीद का बिल, मोबाइल गुम होने का स्थान तथा मोबाइल धारक की जानकारी दर्ज करनी चाहिए। CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल का IMEI नंबर ब्लॉक हो जाता है, जिससे उसका दुरुपयोग रोका जा सकता है।
इस सफल कार्रवाई में थाना अदलहाट पुलिस टीम के निरीक्षक अजय सेठ, महिला आरक्षी प्रियंका, आरक्षी राजकुमार मिश्रा एवं प्रताप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।













