
मीरजापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, विभिन्न मामलों में अभियुक्त गिरफ्तार
मीरजापुर। जनपद में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के क्रम में मीरजापुर पुलिस द्वारा अलग-अलग थाना क्षेत्रों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए कई अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई।
थाना पड़री पुलिस ने युवती को शादी का झांसा देकर भगाने एवं यौन उत्पीड़न के मामले में फरार चल रहे दो अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने पूर्व में एक अभियुक्त को जेल भेजा था,
जबकि पतारसी-सुरागरसी के दौरान राजू और राकेश को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया।
थाना जिगना पुलिस ने देशी शराब की दुकान से हुई चोरी के मामले में तीसरे वांछित अभियुक्त संगमलाल बिन्द को गिरफ्तार किया। अभियुक्त की गिरफ्तारी पॉली बॉर्डर अंडर रेलवे ब्रिज के पास से की गई। इससे पहले पुलिस टीम द्वारा इस मामले में चोरी की शराब और नगदी की बरामदगी की जा चुकी है।
थाना अदलहाट पुलिस ने क्रिकेट खेलने के दौरान बैट से हमला कर युवक को गंभीर रूप से घायल करने के मामले में नामजद अभियुक्त अरविन्द पटेल उर्फ भोला को गिरफ्तार किया। अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बैट भी बरामद किया गया।
वहीं थाना लालगंज पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में नामजद अभियुक्त सलमान उर्फ कल्लू मौर्या को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेजा।
इसके अतिरिक्त जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के अंतर्गत चार व्यक्तियों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई, जिसमें कोतवाली देहात से तीन और राजगढ़ थाना क्षेत्र से एक व्यक्ति शामिल है।















