
मीरजापुर पुलिस की सख़्त कार्रवाई, तीन मामलों में बड़ी सफलता
मीरजापुर। जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के क्रम में पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए गंभीर मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी की है, वहीं शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका में 14 व्यक्तियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई है।
थाना जमालपुर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट, जानलेवा हमला तथा सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। 22 फरवरी 2026 को उप निरीक्षक वंशनारायण राय द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर जमालपुर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी चुनार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। 25 फरवरी 2026 को चौकी प्रभारी डबक उप निरीक्षक ओम प्रकाश सिंह की टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम लठिया सहजनी निवासी जब्बर बिंद उर्फ श्याम अवध बिंद, रोहित बिंद उर्फ चिंगालू, सनारू बिंद तथा जगदीश उर्फ लकडू को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
वहीं थाना लालगंज पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने एवं दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। 11 अक्टूबर 2025 को पीड़िता की तहरीर पर लालगंज थाने में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी लालगंज के पर्यवेक्षण में की गई कार्रवाई के तहत 25 फरवरी 2026 को उप निरीक्षक कुवर मनोज सिंह की टीम ने ग्राम बंजारीकलां निवासी लवकुश कुमार को गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धाराओं के साथ पाक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेजा गया।
इसके अतिरिक्त जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126/135 के अंतर्गत 14 व्यक्तियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई। थानावार कार्रवाई में कोतवाली कटरा से 1, कोतवाली देहात से 2, पड़री से 1, कछवां से 1, अदलहाट से 5, लालगंज से 1, हलिया से 2 तथा अहरौरा से 1 व्यक्ति के विरुद्ध चालान किया गया।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख़्त कार्रवाई जारी रहेगी।















