
मीरजापुर में जुआ, अवैध शराब और चोरी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 गिरफ्तार
मीरजापुर। जनपद में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए जुआ खेल रहे 8 लोगों, अवैध शराब के साथ 1 अभियुक्त तथा चोरी के मामले में 1 आरोपी को गिरफ्तार किया है।
थाना जिगना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम रजापुर में दबिश देकर सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे 8 जुआरियों को गिरफ्तार किया। मौके से 5,770 रुपये नगद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए गए। सभी आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई।
वहीं थाना सन्तनगर पुलिस ने 155 पैकेट अवैध देशी शराब के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इसी क्रम में थाना अहरौरा पुलिस ने मोबाइल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गया मोबाइल बरामद किया। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया गया।
इसके अलावा जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 9 व्यक्तियों के खिलाफ बीएनएसएस की धाराओं में चालान की कार्रवाई भी की है।















