
मीरजापुर में तीन पुलिसकर्मियों को दी गई भावभीनी विदाई
मीरजापुर, 31 मार्च 2026। जनपद पुलिस में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने वाले तीन पुलिसकर्मियों को मंगलवार को पुलिस कार्यालय में सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने समारोह में सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को पुष्पमाला पहनाकर, अंगवस्त्र व छाता भेंट करते हुए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया और उनके उज्ज्वल एवं सुखद भविष्य की कामना की।
सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों में उपनिरीक्षक ना0पु0 श्यामबदन यादव, उपनिरीक्षक ना0पु0 वंश नारायण सिंह तथा मुख्य आरक्षी स0पु0 तेज बहादुर सिंह (ऐच्छिक) शामिल रहे। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने उनके सेवा काल के अनुभवों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी निष्ठा और कर्तव्यपरायणता विभाग के लिए प्रेरणास्रोत रही है।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्राधिकारी लाइन/यातायात, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। समारोह का माहौल भावुक रहा और सभी ने सेवानिवृत्त कर्मियों के योगदान को याद करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।















