
मीरजापुर में 2554 स्थानों पर होगा होलिका दहन, सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस का फ्लैग मार्च
मीरजापुर। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में जनपद में होली पर्व को सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जनपद में इस वर्ष 2554 स्थानों पर होलिका दहन का कार्यक्रम प्रस्तावित है, जिसके मद्देनजर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।
अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन मनीष कुमार मिश्रा, सहायक पुलिस अधीक्षक (प्रशिक्षणाधीन) कनिष्क आर. जमकर, क्षेत्राधिकारी चुनार मंजरी राव के नेतृत्व में कस्बा चुनार क्षेत्र में प्रभारी निरीक्षक विजय शंकर सिंह के साथ पर्याप्त पुलिस बल द्वारा फ्लैग मार्च किया गया।
इसी क्रम में जमालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भाईपुर बैरियर एवं शेरवां, पड़री के गड़ईनाला बाजार, ड्रमण्डगंज के रतेह बाजार तथा सन्तनगर बाजार सहित संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले इलाकों में संबंधित थानाध्यक्षों द्वारा पुलिस बल के साथ मार्च कर आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया।
जनपद के अन्य थाना क्षेत्रों में भी प्रभारी निरीक्षक एवं थानाध्यक्षों द्वारा पीआरवी डायल-112 के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर बाजारों, सर्राफा प्रतिष्ठानों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों, व्यापारियों एवं संभ्रांतजनों से अपील की है कि होलिका दहन और होली पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।















