मोबाइल छिनैती का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; 9 मोबाइल और बाइक बरामद

मीरजापुर। अदलहाट थाना क्षेत्र में मोबाइल छिनैती की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल (बिना नंबर प्लेट) बरामद की है।

पुलिस के अनुसार 12 मार्च को खजुरौल निवासी अब्दुल हमीद ने थाना अदलहाट में तहरीर देकर बताया था कि मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात युवक उनका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी चुनार के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। विवेचना के दौरान यक्ष एप के उपयोग से प्राप्त महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों लोकनाथ निवासी घाटमपुर थाना अहरौरा, बाबू उर्फ चन्द्रमा निवासी रजौली थाना अदलहाट तथा गुलशन निवासी खेमईपुर थाना अहरौरा को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से छिनैती के 9 मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी लोकनाथ के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

इस संबंध में थाना अदलहाट में दर्ज मुकदमे में आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें