
मीरजापुर। कटरा कोतवाली पुलिस ने झपट्टा मारकर मोबाइल छिनने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 8 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
बताया गया कि छुरूआ देवरी निवासी ऋषभ पाण्डेय ने तहरीर देकर बताया था कि सबरी फाटक के पास मोबाइल पर बात करते समय पीछे से आए दो बदमाशों ने उनका मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। इस पर थाना कोतवाली कटरा में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार अभियुक्तों अरबाज कुरैसी, आसिफ अंसारी, लवकुश सोनकर और राजू उर्फ मुस्तफा को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे गिरोह बनाकर राह चलते लोगों के मोबाइल फोन झपट्टा मारकर छीन लेते थे और बाद में उन्हें बेचकर आपस में पैसे बांट लेते थे।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में राजू उर्फ मुस्तफा का आपराधिक इतिहास भी रहा है, जिसके खिलाफ पूर्व में कई मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है।

इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम को 10 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।















