राजापुर में एचसीएल फाउंडेशन का महिला दिवस कार्यक्रम, 500 से अधिक महिलाओं की भागीदारी

राजापुर में एचसीएल फाउंडेशन का महिला दिवस कार्यक्रम, 500 से अधिक महिलाओं की भागीदारी

मीरजापुर। लालगंज विकासखंड के राजापुर ग्राम पंचायत में शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एचसीएल फाउंडेशन की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की 500 से अधिक महिलाओं ने भाग लेकर महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया। मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्राधिकारी लालगंज अमर बहादुर मौजूद रहे।

कार्यक्रम में डीएमएम–यूपीएसआरएलएम, ग्राम पंचायत अधिकारी लालगंज पूजा, सीएलएफ प्रबंधक, यूपीएसआरएलएम टीम के प्रतिनिधि सहित स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी बड़ी संख्या में महिला किसान और ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं। इस दौरान महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने तथा समूह के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया गया।

मुख्य अतिथि क्षेत्राधिकारी लालगंज अमर बहादुर ने अपने संबोधन में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिलाएं समाज की सबसे मजबूत कड़ी हैं और उनके सशक्तिकरण से ही समाज और देश का समग्र विकास संभव है। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार की नारी मिशन शक्ति योजना का उल्लेख करते हुए महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि समूह से जुड़ने के बाद उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है और आत्मविश्वास भी बढ़ा है। कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण, स्वावलंबन और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें