
राज्यपाल ने मां विन्ध्यवासिनी राज्य विश्वविद्यालय निर्माण कार्य की प्रगति परखी
मीरजापुर, 26 फरवरी 2026। आनंदीबेन पटेल ने मड़िहान तहसील के ग्राम पंचायत देवरी स्थित निर्माणाधीन मां विन्ध्यवासिनी राज्य विश्वविद्यालय का भ्रमण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का निरीक्षण किया। इस दौरान प्राविधिक शिक्षा एवं उपभोक्ता मामले मंत्री आशीष पटेल सहित नगर, मड़िहान और छानबे विधानसभा क्षेत्रों के विधायक, कुलपति एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान राज्यपाल ने एकेडमिक ब्लॉक, गर्ल्स हॉस्टल और प्रशासनिक भवन के भूतल व प्रथम तल का अवलोकन कर निर्माण की गुणवत्ता और समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं से गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा।
विश्वविद्यालय परिसर में हरसिंगार सहित अन्य पौधों का पौधरोपण कर राज्यपाल ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों के स्कूली बच्चों को स्कूल बैग और पाठ्य पुस्तकें वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा बच्चों से संवाद भी किया।
सभागार में आयोजित बैठक में राज्यपाल ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, संबद्ध महाविद्यालयों, पुस्तकालय, शिक्षकों व कर्मचारियों की उपलब्धता की समीक्षा की। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 154.15 करोड़ रुपये की स्वीकृत लागत के सापेक्ष 138 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 132 करोड़ रुपये व्यय कर 68.80 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा चुका है।
बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि विन्ध्याचल मंडल के तीन जनपदों के कुल 159 महाविद्यालय विश्वविद्यालय से संबद्ध हैं, जिनमें मीरजापुर के 84, सोनभद्र के 54 और भदोही के 21 महाविद्यालय शामिल हैं। राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के सुचारु संचालन के लिए सहायक अध्यापकों एवं अन्य स्टाफ की आवश्यकता का प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए।
छात्र-छात्राओं के आवागमन के लिए बस की मांग पर मंत्री ने प्रस्ताव प्रस्तुत करने पर एक बस उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। बैठक में मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।















