रामनवमी जुलूस मार्ग की बदहाल स्थिति पर नाराजगी, मरम्मत की उठी मांग

रामनवमी जुलूस मार्ग की बदहाल स्थिति पर नाराजगी, मरम्मत की उठी मांग

मीरजापुर। विंध्याचल क्षेत्र के विजयपुर में रामनवमी के प्रस्तावित शोभायात्रा मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इस संबंध में क्षेत्र के निवासी द्वारा खंड विकास अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर मार्ग की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की गई है।

प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि 13 मार्च 2026 को जिलाधिकारी के निर्देश पर पुरानी बाजार विजयपुर स्थित राम-राम चौक से जुड़े मार्ग और नाली के निर्माण का कार्य शुरू किया गया था, लेकिन अब तक कार्य पूरा नहीं हो सका है। आरोप है कि निर्माण कार्य अधूरा होने के कारण मार्ग की स्थिति खराब बनी हुई है और आवागमन में भी लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि ग्राम प्रधान की उदासीनता के चलते यह मार्ग लंबे समय से उपेक्षित है, जिससे क्षेत्रीय लोगों में निराशा है। वहीं 18 मार्च 2026 को दोपहर करीब 11:30 बजे क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से भी इस समस्या के समाधान के लिए सहयोग की अपील की गई है।

बताया गया कि आगामी रामनवमी पर भगवान राम की भव्य शोभायात्रा इसी मार्ग से निकाली जानी है, जिसमें क्षेत्र के कई गांवों के लोग शामिल होंगे। ऐसे में मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर सुरक्षा और व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि रामनवमी से पहले मार्ग की मरम्मत कराई जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें