
लखनऊ विधानसभा घेराव को जा रहे कांग्रेस जिला अध्यक्ष व कार्यकर्ता जमालपुर में नजरबंद
मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर लखनऊ विधानसभा घेराव कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को जमालपुर पुलिस ने नजरबंद कर दिया। आरोप है कि जिला कांग्रेस कमेटी मिर्जापुर के अध्यक्ष डॉ. शिवकुमार पटेल के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता प्रदेश सरकार की नीतियों के विरोध में शांतिपूर्ण तरीके से लखनऊ जा रहे थे।
कांग्रेस कार्यकर्ता जिन प्रमुख मुद्दों को लेकर विधानसभा घेराव के लिए रवाना हुए थे, उनमें राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नाम से संचालित मनरेगा योजना को बचाने की मांग, SIR के तहत कथित तौर पर अल्पसंख्यकों व अन्य लोगों के नाम जबरन फॉर्म भेजे जाने व मतदाता सूची से नाम काटे जाने का विरोध, नौजवानों के रोजगार का सवाल तथा महिलाओं की सुरक्षा जैसे प्रदेश से जुड़े ज्वलंत मुद्दे शामिल थे।
कांग्रेस का आरोप है कि इन सभी मुद्दों को लेकर पार्टी के कार्यकर्ता लखनऊ जा रहे थे, तभी जमालपुर पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और ग्राम सभा लोढ़वा स्थित आवास पर सभी को नजरबंद कर दिया। नजरबंद किए गए नेताओं व कार्यकर्ताओं में ध्वज सिंह, रंजीत पटेल, राम अधीन सिंह, संदीप सिंह, संतोष पटेल, विनय पटेल, पंकज पटेल, पारस बियार, राम सकल बियार, कल्लू पटेल, मुन्ना गोंड, चंदन बियार, कुणाल पटेल, राजू भारती, लव कुश विश्वकर्मा और शिवान सिंह सहित कई नाम शामिल बताए गए हैं।
डॉ. शिवकुमार पटेल एडवोकेट, अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी मिर्जापुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार के इशारे पर पुलिस द्वारा लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने जा रहे कार्यकर्ताओं को रोका गया, जो तानाशाही रवैये को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश की जनसमस्याओं को सड़क से सदन तक उठाती रहेगी और इस तरह की कार्रवाई से कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं।















