
मिर्जापुर। लोहिया तालाब स्थित डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल में आयोजित “लिटिल चैंप टैलेंट हंट” कार्यक्रम शनिवार को रंगारंग उत्सव में बदल गया। दोपहर 12:30 बजे शुरू हुआ यह आयोजन रात 8:30 बजे तक चला, जिसमें 1 से 8 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 200 बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। गीत, नृत्य, कविता, कहानी, रैंप वॉक और फैंसी ड्रेस जैसी आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रतियोगिता को चार वर्गों में आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम में शहर की प्रतिष्ठित बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मृदुला जायसवाल, डाइटिशियन ज्योति, डेंटिस्ट सुरभि कसेरा और स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नीलिमा मूर्ति मुख्य अतिथि एवं जज के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने बच्चों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए उनकी माताओं को बच्चों के स्वास्थ्य, संतुलित खान-पान और आत्मविश्वास बढ़ाने के बारे में महत्वपूर्ण संदेश दिए।
विद्यालय परिसर में कार्यक्रम के दौरान मेले जैसा माहौल देखने को मिला। मैदान के चारों ओर खाने-पीने के स्टॉल, गेम्स के स्टॉल और विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया था। बच्चों के लिए फेस पेंटिंग, क्राफ्ट कॉर्नर और कई तरह के खेल भी आकर्षण का केंद्र रहे।
समारोह के अंत में सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाणपत्र, स्मृति चिन्ह और सैश देकर सम्मानित किया गया। वहीं बेस्ट डांसर, बेस्ट सिंगर, बेस्ट टैलेंट और बेस्ट परफॉर्मेंस जैसे विशेष पुरस्कार भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि बच्चों की माताओं को भी उनके सहयोग और प्रोत्साहन के लिए मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया, जिस पर पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा। मंच पर उपस्थित चिकित्सकों को भी शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान प्रकट किया गया।
विद्यालय की डायरेक्टर अपराजिता सिंह और अमरदीप सिंह ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य नन्ही प्रतिभाओं को मंच देना, उनकी कला को निखारना और बच्चों में आत्मविश्वास का संचार करना है। उन्होंने कहा कि पूरे कार्यक्रम के दौरान बच्चों और अभिभावकों में उत्साह और उमंग स्पष्ट रूप से देखने को मिला।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षिकाओं और स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।















