
विंध्याचल धाम में निःशुल्क मेडिकल कैंप का शुभारंभ, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उठाया लाभ
मीरजापुर। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर विंध्याचल धाम में जनसेवा की एक सराहनीय पहल के तहत पॉपुलर हॉस्पिटल द्वारा आयोजित निःशुल्क मेडिकल कैंप का शुभ उद्घाटन विधायक रत्नाकर मिश्रा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कैंप का निरीक्षण करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था का जायजा लिया और इस प्रकार की जनहितकारी पहल की सराहना की।
मेडिकल कैंप में अस्पताल की विशेषज्ञ टीम द्वारा श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया। कैंप में सामान्य रोगों के साथ-साथ ब्लड प्रेशर, शुगर सहित अन्य जांच सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं, जिससे लोगों को काफी राहत मिली।
नवरात्रि के दौरान विंध्याचल धाम में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यह मेडिकल कैंप विशेष रूप से उपयोगी साबित हो रहा है। बड़ी संख्या में लोगों ने कैंप में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया और आयोजन के लिए आयोजकों का आभार व्यक्त किया।

इस मौके पर उपस्थित लोगों ने कहा कि धार्मिक आयोजनों के साथ इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर समाज के लिए बेहद लाभकारी हैं। आयोजकों ने बताया कि कैंप का उद्देश्य श्रद्धालुओं को त्वरित एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में उन्हें तत्काल सहायता मिल सके।















