
विंध्याचल मंदिर परिसर में दिव्यांग से मारपीट का वीडियो वायरल, उपनिरीक्षक लाइन हाजिर
मिर्जापुर। विंध्याचल मंदिर परिसर में तैनात एक पुलिसकर्मी द्वारा दिव्यांग व्यक्ति के साथ लाठी से मारपीट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामला सामने आते ही पुलिस प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 9 फरवरी 2026 को सोशल मीडिया के माध्यम से यह वीडियो संज्ञान में आया, जिसमें विंध्याचल मंदिर के गेट नंबर-02 के पास एक दिव्यांग भिखारी के साथ पुलिसकर्मी द्वारा मारपीट करते हुए दिखाया गया है। मामले की जांच थानाध्यक्ष विंध्याचल द्वारा की गई। प्रारंभिक जांच में बताया गया कि संबंधित भिखारी दर्शनार्थियों से पैसे मांग रहा था और नशे की हालत में था। दर्शनार्थियों द्वारा इसकी शिकायत मौके पर शांति व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मियों से की गई थी।
पुलिस के अनुसार भिखारी को मंदिर परिसर से हटाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं हुआ। इसी दौरान पुलिसकर्मी द्वारा बल प्रयोग किया गया, जिसका वीडियो वायरल हो गया। प्रारंभिक तौर पर इसे पुलिस दुर्व्यवहार का मामला मानते हुए संबंधित उपनिरीक्षक सुनील कुमार राय को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच की जिम्मेदारी क्षेत्राधिकारी नगर को सौंपी गई है, जिन्हें तीन दिवस के भीतर जांच आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक विभागीय कार्रवाई की जाएगी।















