
मीरजापुर। नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी ने केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 को विकसित और सशक्त भारत की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है।
उन्होंने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत करता है, जिसमें शहरी विकास, औद्योगिक विस्तार, युवाओं के रोजगार और राष्ट्रीय सुरक्षा पर विशेष फोकस किया गया है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए इस बजट में शहरी आर्थिक क्षेत्रों के
विकास के लिए प्रति वर्ष पांच हजार करोड़ रुपये के प्रावधान से नगरीय क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी और विकास की गति तेज होगी। उन्होंने बताया कि बजट में हाई स्पीड रेल कॉरिडोर के निर्माण से देश की कनेक्टिविटी को नई दिशा मिलेगी।
श्यामसुंदर केशरी ने कहा कि बायोफार्मा ‘शक्ति’ योजना के तहत अगले पांच वर्षों के लिए दस हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे दवा उद्योग को मजबूती मिलेगी और शुगर व कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की दवाएं सस्ती होंगी। इसके साथ ही एमएसएमई को समर्थन देने के लिए आत्मनिर्भर भारत कोष में चार हजार करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि जोड़े जाने से छोटे और मझोले उद्योगों को राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि बजट में बड़े टेक्सटाइल पार्क, तीन केमिकल पार्क, बीस नए जलमार्ग और चार राज्यों में खनिज कॉरिडोर के निर्माण का भी प्रावधान है, जिससे औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। युवाओं के लिए रोजगार सृजन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से पर्यटन क्षेत्र पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। प्रत्येक जिले में गर्ल्स हॉस्टल खोलने की घोषणा को उन्होंने महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि देश की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रक्षा बजट में भी वृद्धि की गई है, जिससे भारतीय सेनाओं को आधुनिक हथियार और तकनीक उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि यह बजट समग्र विकास का दस्तावेज है, जो भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।
अंत में श्यामसुंदर केशरी ने इस ऐतिहासिक बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट देश के हर वर्ग के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।















