विन्धम फॉल का बदला स्वरूप: पर्यटकों की सुविधाओं को लेकर वन विभाग का बड़ा कदम

विन्धम फॉल का बदला स्वरूप: पर्यटकों की सुविधाओं को लेकर वन विभाग का बड़ा कदम
मिर्जापुर का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल विन्धम फॉल एक बार फिर अपनी खूबसूरती और बेहतर व्यवस्थाओं के कारण चर्चा में है। लंबे समय से उपेक्षित पड़े इस प्राकृतिक पर्यटन स्थल पर जब प्रभागीय वनाधिकारी राकेश कुमार की नजर पड़ी, तो उन्होंने इसकी दशा और दिशा बदलने का संकल्प लिया।
वन विभाग की पहल पर विन्धम फॉल में पर्यटकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए व्यापक सुधार कार्य कराया जा रहा है। विभाग का दावा है कि पर्यटकों के लिए अब खाना बनाने की व्यवस्था, बैठने के लिए सुरक्षित स्थान, वॉशरूम सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। बताया जा रहा है कि निर्माण कार्य लगभग 70 प्रतिशत पूरा हो चुका है और आने वाले पर्यटन सीजन में इसका पूरा लाभ पर्यटकों को मिलने लगेगा।
खास बात यह है कि इस विकास कार्य में पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दी गई है। निर्माण में अधिकतर सामग्री प्राकृतिक संसाधनों से प्राप्त की गई है, ताकि पर्यटन के साथ-साथ प्रकृति का संतुलन भी बना रहे। वन विभाग की ओर से पर्यटकों से अपील की गई है कि वे प्राकृतिक सौंदर्य के साथ सामंजस्य बनाकर रखें और किसी भी तरह की छेड़छाड़ से बचें।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले जब परिवार के साथ, खासकर छोटे बच्चों के साथ पिकनिक मनाने लोग यहां आते थे, तो अचानक बारिश या खराब मौसम की स्थिति में असहज हालात पैदा हो जाते थे। अब नए निर्माण और व्यवस्थाओं के बाद पर्यटकों का भरोसा इस स्थल पर और मजबूत हुआ है।
उम्मीद की जा रही है कि विन्धम फॉल में हो रहे ये सुधार न केवल पर्यटन को बढ़ावा देंगे, बल्कि मिर्जापुर की पहचान को भी एक बेहतर और सुविधाजनक पर्यटन स्थल के रूप में और मजबूत करेंगे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें