
सवालों में घिरी सड़कों की बदहाली, प्रेस वार्ता में घुमावदार जवाब
मिर्जापुर। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष लाल बहादुर सरोज ने गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को विस्तार से रखा। उन्होंने हर घर जल नल योजना, आयुष्मान कार्ड, सस्ती दवाइयों की उपलब्धता के लिए प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र, मुख्यमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुसहर आवास योजना सहित विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। साथ ही लोकल स्तर पर विकास को गति देने पर भी जोर दिया।
प्रेस वार्ता में मीडिया प्रभारी भावेश शर्मा भी मौजूद रहे, जिन्होंने सभी पत्रकारों का स्वागत करते हुए उनके आगमन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों ने मिर्जापुर नगर की जर्जर सड़कों और बढ़ते अतिक्रमण को लेकर तीखे सवाल उठाए। इस दौरान मौजूद नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा, मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल तथा मझवा विधायक सुचिस्मिता मौर्य सड़कों की खराब स्थिति पर स्पष्ट जवाब नहीं दे सके।
पत्रकारों के सवालों पर जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए घुमावदार जवाब से नगर की सड़कों की बदहाली और अतिक्रमण की समस्या और अधिक उजागर होती नजर आई। स्थानीय लोगों में भी लंबे समय से सड़कों की खराब स्थिति और यातायात बाधित होने को लेकर नाराजगी देखी जा रही है, लेकिन जिम्मेदारों की ओर से ठोस समाधान सामने नहीं आ पा रहा है।
प्रेस वार्ता में जहां एक ओर सरकार की उपलब्धियों को गिनाया गया, वहीं दूसरी ओर शहर में बढ़ रहे जाम की स्थिति खराब सड़क अतिक्रमण जैसी समस्याओं पर स्पष्ट रणनीति न होने से कई सवाल अनुत्तरित रह गए।















