
मीरजापुर। कोतवाली शहर थाना क्षेत्र के टेढ़ीनीम निवासी अख्तर अली के साथ हुए ऑनलाइन फ्रॉड मामले में मीरजापुर पुलिस की साइबर टीम ने तत्परता दिखाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पीड़ित के खाते से ट्रांसफर हुई धनराशि में से 50 हजार रुपये वापस कराए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, अख्तर अली ने 29 जनवरी 2026 को अपने मोबाइल फोन के गुम हो जाने के बाद अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनके बैंक खाते से 1,14,999 रुपये ट्रांसफर किए जाने की शिकायत एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज कराई थी। शिकायत मिलते ही कोतवाली शहर की साइबर सेल टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में साइबर सेल टीम ने तकनीकी जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए ट्रांसफर की गई रकम में से 50 हजार रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दिए।
खाते में धनराशि वापस आने पर पीड़ित ने साइबर सेल टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनकी सराहना की। साथ ही पुलिस द्वारा उन्हें साइबर अपराधों के प्रति जागरूक भी किया गया और भविष्य में ऐसी ठगी से बचने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई।

इस कार्रवाई में थाना कोतवाली शहर के थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक दयाशंकर ओझा एवं महिला कांस्टेबल पारुल श्रीवास्तव की विशेष भूमिका रही।












