सामूहिक विवाह सम्मेलन के लिए 10 जोड़ों का चयन, वैश्य महासम्मेलन की पहल

सामूहिक विवाह सम्मेलन के लिए 10 जोड़ों का चयन, वैश्य महासम्मेलन की पहल

मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश वैश्य महासम्मेलन, मिर्जापुर के तत्वावधान में समाजसेवा की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के लिए प्रस्तावित सामूहिक विवाह परिचय सम्मेलन समारोह हेतु पात्र जोड़ों के चयन की प्रक्रिया संपन्न की गई।

इस चयन प्रक्रिया में जनपद एवं आसपास के क्षेत्रों से कुल 10 जोड़ों के आवेदन प्राप्त हुए थे। परिषद द्वारा सभी आवेदकों के आवश्यक दस्तावेजों एवं पात्रता की सावधानीपूर्वक जांच की गई। जांच के उपरांत जिन जोड़ों के दस्तावेज पूर्ण एवं वैध पाए गए, उन्हें आगामी तिथि में आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह समारोह के लिए चयनित किया गया।

परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि इस सामूहिक विवाह समारोह का मुख्य उद्देश्य समाज के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग प्रदान करना, सामाजिक एकता को मजबूत करना तथा आपसी भाईचारे की भावना को बढ़ावा देना है। परिषद द्वारा पिछले कई वर्षों से समाजहित में विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं।

उन्होंने बताया कि आगामी तिथि में आयोजित होने वाले इस सामूहिक विवाह समारोह में चयनित जोड़ों का विवाह पूरे विधि-विधान एवं सामाजिक परंपराओं के अनुसार संपन्न कराया जाएगा। साथ ही परिषद की ओर से नवदंपतियों को विवाह के वस्त्र, आवश्यक गृहस्थी का सामान एवं आशीर्वाद भी प्रदान किया जाएगा, जिससे वे अपने नए जीवन की शुरुआत सम्मानपूर्वक कर सकें।

कार्यक्रम की अध्यक्षता गोकुल अग्रवाल ने की। इस अवसर पर महामंत्री आशुतोष अग्रवाल, कोषाध्यक्ष पंकज खत्री, नगर अध्यक्ष शिवम् गुप्ता, सूरज सेठ, दीपक जयसवाल, महिला मंत्री इन्दु गुप्ता, अंशु अग्रवाल, नम्रता अग्रवाल, सोनल अग्रवाल, वन्दिता अग्रवाल, अमृता जयसवाल, सदस्यगण संजय केसरवानी, आशीष सिंह जयसवाल, मनोज अग्रवाल, विनीत गुप्ता एवं विभांशु जयसवाल सहित समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें