
सेपक टकरा में कांस्य पदक जीतने पर महिला आरक्षी जया श्रीवास्तव पदोन्नत
मीरजापुर। ऑल इंडिया पुलिस प्रतियोगिता में सेपक टकरा खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक प्राप्त करने पर महिला आरक्षी जया श्रीवास्तव को पदोन्नति का लाभ मिला है। गुरुवार को पुलिस कार्यालय मीरजापुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने उन्हें आरक्षी से मुख्य आरक्षी पद पर पदोन्नत होने के उपलक्ष्य में पद प्रतीक चिह्न लगाकर बधाई और शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जया श्रीवास्तव ने खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धि अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी इसी प्रकार बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और सभी ने जया श्रीवास्तव को इस उपलब्धि पर बधाई दी।















