स्वास्थ्य मानकों पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं: जिलाधिकारी

स्वास्थ्य मानकों पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं: जिलाधिकारी

संचारी रोग एवं दस्तक अभियान की समीक्षा बैठक में दिए कड़े निर्देश, मच्छर जनित रोगों और टीबी से बचाव के लिए जागरूकता पर विशेष जोर

मीरजापुर, 13 जुलाई 2026 जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग सहित अभियान से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि संचारी रोग नियंत्रण से जुड़े सभी प्रमुख मानकों पर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य से जुड़े इस महत्वपूर्ण अभियान में किसी भी स्तर पर शिथिलता अथवा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में विशेष रूप से मच्छर जनित बीमारियों जैसे डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया के साथ-साथ टीबी (क्षय रोग) की रोकथाम और नियंत्रण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जलभराव वाले स्थानों को चिह्नित कर एंटी लार्वा छिड़काव, फॉगिंग तथा साफ-सफाई अभियान को तेज करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीमों को निर्देशित किया कि वे घर-घर जाकर कूलर, गमलों, टायरों और अन्य स्थानों पर जमा पानी के प्रति लोगों को जागरूक करें तथा कहीं भी पानी इकट्ठा न होने देने के लिए प्रेरित करें। दस्तक अभियान के तहत स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर बुखार से पीड़ित मरीजों की पहचान कर उन्हें तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच और उपचार उपलब्ध कराएं।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि दस्तक अभियान के दौरान विशेष रूप से ऐसे व्यक्तियों की पहचान की जाए जिन्हें दो सप्ताह से अधिक समय से खांसी, रात में बुखार आने या लगातार वजन कम होने जैसी शिकायतें हों। संभावित टीबी मरीजों के स्पुटम परीक्षण कराकर उन्हें तत्काल डॉट्स प्रणाली के तहत निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा निक्षय पोषण योजना से जोड़ा जाए।

बैठक में जिलाधिकारी ने नगर विकास, पंचायती राज, शिक्षा एवं बाल विकास विभाग सहित अभियान से जुड़े सभी विभागों के समन्वय और उनके निर्धारित मानकों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि केवल कागजी कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि अभियान के परिणाम धरातल पर दिखाई देने चाहिए।

आमजन के बीच संचारी रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए स्कूलों, सार्वजनिक स्थानों और ग्राम पंचायतों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम, रैलियां तथा लाउडस्पीकर के माध्यम से प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें, मच्छरदानी का प्रयोग करें और किसी भी प्रकार का बुखार होने पर तत्काल सरकारी अस्पताल में जाकर निःशुल्क जांच एवं उपचार कराएं।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कीर्ति कुमार मिश्र, प्रभारी चिकित्सा अधिकारीगण तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें