
स्विग्गी के अतिरिक्त चार्ज से रेस्टोरेंट संचालकों में आक्रोश, मिर्जापुर में बढ़ी शिकायतें
मिर्जापुर। Swiggy से जुड़े रेस्टोरेंट संचालकों में इन दिनों भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। आरोप है कि कंपनी के स्थानीय स्तर पर कार्यरत मैनेजरों द्वारा टारगेट पूरा करने के नाम पर रेस्टोरेंट मालिकों पर अतिरिक्त खर्च और चार्ज की कटौती जबरन थोप दी जा रही है।
रेस्टोरेंट संचालकों का कहना है कि बिना स्पष्ट जानकारी और पारदर्शिता के विभिन्न प्रकार के शुल्क काटे जा रहे हैं, जिससे उनके व्यवसाय पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। कई संचालकों ने यह भी आरोप लगाया कि कंपनी के घटते जनाधार और ग्राहकों के टूटते भरोसे से हो रहे नुकसान की भरपाई इस तरह के नए-नए चार्ज लगाकर की जा रही है।
मामले में मिर्जापुर क्षेत्र में तैनात मैनेजर हिमांशु यादव के खिलाफ भी शिकायतें तेज हो गई हैं। रेस्टोरेंट मालिकों का आरोप है कि नियम-कानून का हवाला देकर अनावश्यक दबाव बनाया जा रहा है और अनुचित तरीके से आर्थिक भार डाला जा रहा है।
इस पूरे प्रकरण को लेकर रेस्टोरेंट संचालकों ने प्रशासन और कंपनी के उच्च अधिकारियों से जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है, ताकि उन्हें राहत मिल सके और व्यवसाय सुचारू रूप से संचालित हो सके।















