
₹2.50 लाख के गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, इको स्पोर्ट कार बरामद
मीरजापुर। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अदलहाट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 05.085 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजा की अनुमानित कीमत करीब ₹2 लाख 50 हजार बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर जनपद में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा अवैध शराब व मादक पदार्थों के निर्माण, तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) व क्षेत्राधिकारी चुनार के नेतृत्व में अदलहाट पुलिस टीम को यह सफलता हाथ लगी।
पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए इको स्पोर्ट कार (वाहन संख्या UP 63 AE 0884) में सवार मनीष सिंह उर्फ लल्ला निवासी ग्राम कोलना, थाना अदलहाट को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 05.085 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया।

इस संबंध में थाना अदलहाट पर मु0अ0सं0-80/2026 धारा 8/20/29/60/61 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया है।
गिरफ्तारी व बरामदगी की कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सेठ के नेतृत्व में अदलहाट पुलिस टीम द्वारा की गई।













