₹25 हजार का इनामी गो-तस्कर गिरफ्तार, बाइक व 40 हजार रुपये बरामद

मीरजापुर। थाना जिगना पुलिस और एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने 25 हजार रुपये के इनामी शातिर गो-तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। उसके कब्जे से एक मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन तथा तस्करी से प्राप्त 40 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में जनपद में अपराध की रोकथाम और गो-तस्करी में संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) और क्षेत्राधिकारी लालगंज के नेतृत्व में थाना जिगना व एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार 27 जनवरी 2026 को थाना लालगंज में दर्ज मुकदमा संख्या 22/2026 तथा थाना संतनगर में दर्ज मुकदमे से संबंधित 25 हजार रुपये का इनामी अभियुक्त मनीष उर्फ सोनू पटेल पुत्र श्याम बहादुर पटेल निवासी सोनवर्षा थाना लालगंज को थाना जिगना क्षेत्र के पाली बॉर्डर के पास से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में आरोपी के पिता श्याम बहादुर पटेल, जो वर्तमान में ग्राम प्रधान सोनवर्षा हैं, सहित कुल पांच अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा जा चुका है।

गिरफ्तारी के बाद थाना जिगना पुलिस ने विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह मय पुलिस टीम तथा एसओजी प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह अपनी टीम के साथ शामिल रहे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें