
मीरजापुर।
जनपद में अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली देहात पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने NDPS एक्ट के एक मामले में ₹50 हजार के इनामिया वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक जनपद मीरजापुर के निर्देश पर शांति एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के साथ-साथ इनामिया एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में कोतवाली देहात पुलिस टीम को यह सफलता हाथ लगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 फरवरी 2026 को प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में भ्रमणशील थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि NDPS एक्ट के एक मामले में वांछित ₹50 हजार का इनामिया अभियुक्त क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कोतवाली देहात क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छितपुर मोड़ के पास से अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त राकेश वर्मा, पुत्र त्रिलोकी नाथ वर्मा, निवासी ग्राम बसखारी, थाना बसखारी, जनपद अंबेडकर नगर, उम्र लगभग 48 वर्ष है। अभियुक्त के विरुद्ध थाना कोतवाली देहात पर पंजीकृत मुकदमा संख्या 505/2025 धारा 8/20/25/29 स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। इस मामले में अभियुक्त लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर ₹50 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। इससे पूर्व वर्ष 2023 में भी उसके विरुद्ध थाना बसखारी, जनपद अंबेडकर नगर में NDPS एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा पंजीकृत है।
कोतवाली देहात पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस कार्रवाई को जनपद की मादक पदार्थ विरोधी मुहिम के तहत एक अहम उपलब्धि माना जा रहा है।















