नायब तहसीलदार को प्रतिकूल प्रविष्टि के निर्देश

जिलाधिकारी ने तहसील लालगंज का किया वार्षिक निरीक्षण, राजस्व वादों में लापरवाही पर नायब तहसीलदार को प्रतिकूल प्रविष्टि के निर्देश
मीरजापुर, 05 फरवरी 2026।
जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने तहसील लालगंज पहुंचकर वार्षिक निरीक्षण किया और तहसील की प्रशासनिक कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रजिस्ट्रार कानूनगो, नायब तहसीलदार न्यायालय, कंप्यूटर कक्ष सहित सभी पटलों का निरीक्षण किया और संबंधित अभिलेखों व पत्रावलियों की जांच की। इसके बाद रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण करते हुए बस्तों और अलमारियों को खुलवाकर दस्तावेजों की स्थिति देखी।
नायब तहसीलदार हलिया के न्यायालय के निरीक्षण के समय पाया गया कि कई गैर-विवादित मुकदमों को साक्ष्य के अभाव में निरस्त किया गया है, जबकि कुछ मामलों में बिना किसी व्यक्ति की अनापत्ति के ही प्रकरणों को विवादित दर्शाकर लंबित रखा गया है। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए नायब तहसीलदार राजीव यादव को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विविधतावली, मत्स्य पालन आवंटन, परवाना, अमलदरामद, मलिकाना रजिस्टर, आपदा राहत से जुड़े अभिलेख, सर्विस बुक एवं वार्षिक प्रविष्टियों की बिंदुवार जांच की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी कर्मचारियों की सर्विस बुक में प्रत्येक वर्ष वार्षिक प्रविष्टि अनिवार्य रूप से अंकित की जाए। नामांतरण व नामांकन से संबंधित पत्रावलियों का भी निरीक्षण किया गया। तहसील की साफ-सफाई और अभिलेखों के रख-रखाव पर संतोष व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने प्रशिक्षु आईएएस ज्वाइंट मजिस्ट्रेट महेंद्र सिंह के कार्य की सराहना की।
जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व वादों के निस्तारण में धारा-24, धारा-112, धारा-80 एवं धारा-38 से संबंधित मामलों को गंभीरता से लेते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। तीन से पांच वर्ष तथा पांच वर्ष से अधिक पुराने मामलों को प्राथमिकता पर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर बीडीओ अंशुल हिंदल, तहसीलदार दीक्षा पांडेय, नायब तहसीलदार प्रताप नारायण ओझा सहित तहसील के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
ग्राम पंचायत लालापुर में जिलाधिकारी की चौपाल, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं
ग्रामीणों की जनसमस्याओं के त्वरित, प्रभावी और पारदर्शी समाधान के उद्देश्य से “गांव की समस्या, गांव में समाधान” अभियान के तहत जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने ग्राम पंचायत लालापुर स्थित पंचायत सचिवालय में ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र रजिस्टर अपडेट न मिलने पर ग्राम सचिव और एडीओ पंचायत को फटकार लगाई गई। जिलाधिकारी ने लाभार्थियों से पुष्टाहार, पेंशन, शौचालय, राशन कार्ड और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न योजनाओं का फीडबैक लिया और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। ग्राम सभा की परिसंपत्ति रजिस्टर अपूर्ण पाए जाने पर ग्राम सचिव को भविष्य में ऐसी लापरवाही न करने की चेतावनी दी गई।
लालापुर गांव के कुछ मोहल्लों में बिजली बकाया के कारण कनेक्शन काटे जाने से अंधेरा रहने की शिकायत महिलाओं ने की, जिस पर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के एसडीओ सुमित यादव को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। चौपाल स्थल पर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण कर उत्पादों को बाजार से जोड़ने के लिए मार्गदर्शन दिया गया। इस दौरान बीएलओ योगेश पांडेय एवं गायत्री को उत्कृष्ट कार्य के लिए अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी व सीडीओ ने ब्लाक मुख्यालय का किया निरीक्षण, पारदर्शिता से विकास के निर्देश
जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने परियोजना निदेशक धर्मजीत सिंह के साथ ब्लाक मुख्यालय पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने बीडीओ विजय शंकर त्रिपाठी को ग्राम पंचायतों में पारदर्शिता के साथ विकास कार्य कराने, वास्तविक और गुणवत्ता युक्त स्टीमेट तैयार करने तथा एमबी बनाने से पूर्व कार्य की गुणवत्ता जांचने के निर्देश दिए।
ब्लाक सभागार में आयोजित बैठक में विकसित ग्राम योजना की समीक्षा करते हुए श्रमिकों को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। ग्राम पंचायतों में स्वयं सहायता समूहों द्वारा बनाए जा रहे विंध्य मार्ट के निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट महेंद्र सिंह, अंशुल हिंदल सहित ब्लाक के अधिकारी, कर्मचारी और तकनीकी सहायक उपस्थित रहे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें