
राष्ट्रीय औद्योगिक हड़ताल के समर्थन में इंडियन बैंक कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन
मीरजापुर।
अखिल भारतीय ट्रेड यूनियंस के राष्ट्रीय आह्वान पर 12 फरवरी 2026 को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी औद्योगिक हड़ताल के समर्थन में इंडियन बैंक की डंकिनगंज, मीरजापुर शाखा के समस्त कर्मचारियों ने सोमवार को बैज धारण कर विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने केंद्र सरकार की श्रम कानून संशोधन नीति के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा भारतीय जीवन बीमा क्षेत्र में 100 प्रतिशत निवेश की अनुमति देना और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के निजीकरण की दिशा में कदम उठाना आम जनता के साथ धोखा है। उन्होंने कहा कि 29 श्रम कानूनों को समाप्त कर चार श्रम संहिताओं में तब्दील करना मजदूरों, किसानों, व्यापारियों और विभिन्न संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों के हितों के खिलाफ है और यह नीति काले कानून के समान है।
बैंक कर्मियों ने यह भी कहा कि बैंकिंग सेक्टर में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू न होना, भारी स्टाफ कमी के बावजूद नई भर्तियों पर रोक, बैंकिंग कार्यों का निजी क्षेत्र को सौंपा जाना और सुरक्षित बैंकिंग नौकरियों को असुरक्षित बनाना गंभीर चिंता का विषय है। इसके साथ ही सेवा निवृत्त कर्मचारियों की पेंशन का अपग्रेड न किया जाना भी आक्रोश का कारण बताया गया।
डिमांड डे के अवसर पर आयोजित इस विरोध कार्यक्रम में AIBEA, AIBOC, NCBE, AIBOA, INBEF, INBOC सहित देश के सात प्रमुख बैंकिंग संगठनों ने सहभागिता की और एकजुट होकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की।















