जांच टीम के सामने ग्राम सचिवालय में भिड़े दो पक्ष, प्रधान सहित कई घायल

जांच टीम के सामने ग्राम सचिवालय में भिड़े दो पक्ष, प्रधान सहित कई घायल
मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के जनपद मिर्जापुर के कोन ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सचिवालय में ग्राम प्रधान द्वारा कराए गए विकास कार्यों की जांच के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ते-बढ़ते जमकर मारपीट में बदल गई। घटना 12 फरवरी 2026 की बताई जा रही है। इस झड़प में ग्राम प्रधान अनीता सिंह को भी चोट लगने की सूचना है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम प्रधान अनीता सिंह के कार्यों को लेकर शिकायतकर्ता योगेश की ओर से जांच की मांग की गई थी। इसी क्रम में जांच टीम तीसरी बार गांव पहुंची थी। इससे पूर्व दो बार भी टीम मौके पर आ चुकी थी। जांच के समय ग्राम सचिवालय के भीतर जांच टीम, शिकायतकर्ता योगेश और ग्राम प्रधान अनीता सिंह मौजूद थीं, जबकि बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था।
जांच के दौरान आरोप–प्रत्यारोप शुरू हुए, जो जल्द ही तू–तू मैं–मैं और फिर मारपीट में बदल गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले सचिवालय के अंदर हाथापाई हुई और उसके बाद झगड़ा बाहर तक फैल गया। स्थिति बिगड़ते देख बाहर तैनात पुलिस बल ने अंदर पहुंचकर दोनों पक्षों को किसी तरह काबू में किया और सभी को थाने ले जाया गया।
इस संबंध में चिल्ह थाना पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। शिकायतकर्ता योगेश की ओर से तीन लोगों तथा ग्राम प्रधान अनीता सिंह की ओर से दो लोगों का चालान किया गया है। पुलिस के अनुसार, मौके पर कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की गई, जिससे हालात पर नियंत्रण पाया जा सका।
वहीं, ग्राम प्रधान अनीता सिंह ने आरोप लगाया कि जांच टीम और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में विपक्षियों ने जानबूझकर काम में बाधा पहुंचाने का प्रयास किया और कानून को अपने हाथ में लेने की हिम्मत की। उन्होंने इस घटना को न सिर्फ उनके ऊपर हमला बताया, बल्कि इसे लोकतंत्र पर हमला करार दिया है।

ग्राम प्रधान ने कहा कि वह इस पूरे मामले को लेकर जनपद के बड़े आला अधिकारियों से भी मुलाकात कर रही हैं और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रही हैं। जबकि इलाके के लोगों ने कहा कि किसी प्रकार का कोई गंभीर चोट किसी को नहीं आया है नोक झोक में खरोच की संभावना बताई जा रही है।
फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और ग्राम सचिवालय में हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें