बिलासपुर में सोने का लूट करने वाले मिर्जापुर में दबोचे गए

मुठभेड़ में तीन किलो सोना बरामद, करोड़ों की लूट बरामद

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में ज्वेलरी कारोबारी से हुई करोड़ों की लूट के मामले में मिर्ज़ापुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लूट के बाद फरार हो रहे चार बदमाशों को मिर्ज़ापुर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान दो बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हो गए।
यह मुठभेड़ अहरौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सत्तेसगढ़ जंगल में हुई, जहां पुलिस और बदमाशों के बीच आमना-सामना हुआ। पुलिस द्वारा की गई घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। मुठभेड़ के बाद चारों बदमाशों को दबोच लिया गया।
पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से लूट का करीब तीन किलो सोना बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है। बरामदगी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है और इस सफलता को अंतरराज्यीय अपराध के खिलाफ बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में की गई। पुलिस अधीक्षक ने टीम की तत्परता और साहस की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
गौरतलब है कि बदमाश छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में ज्वेलरी कारोबारी से लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो रहे थे। सूचना के आधार पर मिर्ज़ापुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अहरौरा क्षेत्र में घेराबंदी की और मुठभेड़ के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मिर्ज़ापुर पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल एक बड़े लूटकांड का खुलासा हुआ है, बल्कि अंतरराज्यीय अपराधियों के मनोबल पर भी करारा प्रहार हुआ है।अंतरराज्यीय लुटेरे गिरोह का पर्दाफाश, चार शातिर गिरफ्तार; 1.46 करोड़ के आभूषण व अवैध असलहे बरामद
मिर्जापुर। जनपद पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय लुटेरे गिरोह का भंडाफोड़ कर चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना अहिरौरा और थाना अदलहाट की संयुक्त टीम द्वारा पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 18 फरवरी 2026 को की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में विनोद उर्फ वीरन प्रजापति निवासी कोटा (राजस्थान), कासिम खान निवासी बरेली, विजय लामा निवासी दिल्ली तथा भूपेंद्र उर्फ रोहित उर्फ गुड्डा निवासी गौतमबुद्धनगर शामिल हैं। अभियुक्तों के कब्जे से लूटे गए पीली धातु के आभूषण, जिनका कुल वजन लगभग 3.768 किलोग्राम है, बरामद किए गए हैं। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 1.46 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अतिरिक्त एक देशी तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक पिस्टल .32 बोर, एक जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त कार (सीजी13 वी 7002) भी पुलिस ने बरामद की है।
पूछताछ में अभियुक्तों ने 17 फरवरी 2026 को छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जनपद में दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। वारदात के बाद वे दिल्ली की ओर भाग रहे थे। इसी दौरान मिर्जापुर पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें धर दबोचा। गिरफ्तारी के समय एक अभियुक्त द्वारा पुलिस टीम पर फायरिंग की गई, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में वह घायल हो गया। घायल अभियुक्त को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
इस संबंध में थाना अहिरौरा में धारा 317(2) बीएनएस, 109 बीएनएस तथा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अन्य संभावित घटनाओं में संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें