
मीरजापुर पुलिस की सख़्त कार्रवाई, एक दिन में छह बड़ी उपलब्धियां
मीरजापुर में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक ही दिन में बड़ी सफलता हाथ लगी है। मीरजापुर पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, आबकारी अधिनियम, आयुध अधिनियम के साथ ही वारंटी गिरफ्तारी और शांति व्यवस्था से जुड़े मामलों में प्रभावी कदम उठाए हैं। यह समस्त कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में की गई।
थाना अदलहाट पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक गंभीर मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। उल्लेखनीय है कि 13 फरवरी 2026 को एएनटीएफ यूनिट गोरखपुर द्वारा 02 कुंतल 61 किलो 800 ग्राम अवैध गांजा के साथ तीन अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई थी। इस मामले में थाना अदलहाट पर मुकदमा संख्या 33/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान वांछित अभियुक्त विशाल दास को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से चार मोबाइल फोन और एक टीयूवी वाहन बरामद हुआ। पुलिस ने अभियुक्त को न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया।
वहीं थाना चुनार पुलिस ने गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत दर्ज मुकदमे में दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में सोनू निषाद और विजय कुमार उर्फ विजयी शामिल हैं। दोनों को मुखबिर की सूचना के आधार पर पकड़ा गया और नियमानुसार न्यायालय भेजा गया।
थाना जिगना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को 20 टेट्रा पैकेट देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। इस संबंध में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई। इसी थाना क्षेत्र में एक अन्य कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया, जिसके विरुद्ध आयुध अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया।
इसके अतिरिक्त थाना पड़री पुलिस ने एक वारंटी अभियुक्त को उसके घर से गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया। वहीं जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत कुल 12 व्यक्तियों का चालान किया। इसमें विन्ध्याचल, जमालपुर, अदलहाट, मड़िहान, राजगढ़ और अहरौरा थाना क्षेत्र शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, अवैध गतिविधियों की रोकथाम और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी इसी तरह सख़्त अभियान जारी रहेगा।















