एनसीसी को बढ़ावा देने पहुंचे ग्रुप कैप्टन वी. के. पंजियार, वायु सेना करियर पर छात्रों को दी प्रेरणा

मिर्जापुर। सेठ द्वारका प्रसाद बजाज विद्यालय में ग्रुप कैप्टन वी. के. पंजियार के आगमन पर उत्साह का माहौल रहा। विद्यालय में संचालित 50 कैडेट्स के एनसीसी प्लाटून का निरीक्षण करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

दौरे के दौरान उन्होंने प्रधानाचार्य डॉ. शिवानी कौशिक एवं लेफ्टिनेंट संदीप कुमार गोस्वामी के साथ एनसीसी के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि एनसीसी विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करता है, साथ ही रक्षा सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में करियर के अवसर भी प्रदान करता है।

उन्होंने एनसीसी कैडेट्स एवं चयनित विद्यार्थियों के लिए वायु सेना स्टेशन, वाराणसी के शैक्षणिक भ्रमण का प्रस्ताव रखा। इस भ्रमण में विद्यार्थियों को फाइटर ड्रोन एवं छोटे लड़ाकू विमानों की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने का अवसर मिलेगा।

विद्यालय प्रबंधन ने इसे संस्थान के लिए गर्व का विषय बताया और कहा कि इस ज्ञानवर्धक पहल के लिए विद्यालय का चयन कई संस्थानों में से किया जाना एक उपलब्धि है। इस अवसर से विद्यार्थियों में देशसेवा के प्रति नई प्रेरणा का संचार हुआ।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें