मिर्जापुर पुलिस और तस्करों के बीच मुठभेड़ , दो असलहा तस्कर गिरफ्तार

मुठभेड़ में दो अंतरजनपदीय असलहा तस्कर गिरफ्तार, तीन पिस्टल बरामद

मीरजापुर। थाना कछवां पुलिस ने अवैध असलहा तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस मुठभेड़ में दो अंतरजनपदीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तीन पिस्टल, अतिरिक्त मैग्जीन, जिंदा और खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं, जबकि उनके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर अपराध और तस्करी पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह व क्षेत्राधिकारी सदर मुनेन्द्र पाल सिंह के पर्यवेक्षण में तथा सहायक पुलिस अधीक्षक प्रशिक्षणाधीन कनिष्क आर. जामकर के नेतृत्व में कछवां पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि चार संदिग्ध बाइक सवार अवैध असलहा लेकर भटौली के रास्ते भदोही की ओर जा रहे हैं।

सूचना के आधार पर भटौली पुल स्थित श्मशान घाट के पास पुलिस ने घेराबंदी कर सघन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस को घिरता देख आरोपियों ने फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने एक बाइक सवार दो आरोपियों को दबोच लिया, जबकि अन्य दो मौके से फरार हो गए।

गिरफ्तार आरोपियों में हरिओम पाण्डेय निवासी थाना कोरांव, जनपद प्रयागराज (उम्र करीब 22 वर्ष) और एक बालअपचारी शामिल है। इनके कब्जे से तीन पिस्टल (.32 बोर) मैग्जीन सहित, दो अतिरिक्त मैग्जीन, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस, दो मोबाइल फोन तथा एक हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई। वाहन के कागजात न होने पर उसे मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सीज कर दिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मध्य प्रदेश से सस्ते दामों पर अवैध असलहे खरीदकर आसपास के जनपदों में ऊंचे दामों पर बेचते थे और मुनाफा आपस में बांट लेते थे। इस मामले में थाना कछवां पर बीएनएस की धारा 109 व आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें