
धर्म परिवर्तन का दबाव और आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने के आरोप में अभियुक्त गिरफ्तार
मीरजापुर। थाना हलिया पुलिस ने महिला पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने और अश्लील वीडियो वायरल करने के मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 6 मई को पीड़िता के भाई ने थाना हलिया में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी शादीशुदा बहन पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जा रहा है तथा उसका आपत्तिजनक वीडियो वायरल किया गया है। मामले में थाना हलिया पर बीएनएस की विभिन्न धाराओं, आईटी एक्ट और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अदवा बंधा के पास से अभियुक्त बब्लू पुत्र मुश्तफा निवासी गौरवा थाना हलिया को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
अवैध तमंचा और कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार
मीरजापुर। थाना मड़िहान पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ अभियान चलाते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर अटारी गांव निवासी धनंजय चौहान को पकड़कर उसके कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा 315 बोर और दो जिंदा कारतूस बरामद किए।
मामले में आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त को जेल भेज दिया गया।
कटरा पुलिस ने अवैध रिवाल्वर के साथ आरोपी पकड़ा
मीरजापुर। कोतवाली कटरा पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक अभियुक्त को अवैध रिवाल्वर और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार हयातनगर निवासी वाहिद अली उर्फ बाबू के कब्जे से एक अवैध रिवाल्वर तथा चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
अभियुक्त के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेजा गया।
बिजली सामान चोरी मामले में आरोपी गिरफ्तार
मीरजापुर। थाना कछवां पुलिस ने बिजली के सामान चोरी करने के मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। वाराणसी निवासी हंसराज प्रसाद की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बजहां गांव निवासी अभिमन्यु उपाध्याय उर्फ मोनू को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय भेजते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
20 पाउच अवैध देशी शराब के साथ युवक गिरफ्तार
मीरजापुर। थाना संतनगर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ददरी राजा निवासी विमलेश को पकड़कर उसके पास से 20 पाउच अवैध देशी शराब बरामद की।
मामले में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई।
जिले में नौ वारंटी गिरफ्तार
मीरजापुर। अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जनपदीय पुलिस ने बुधवार को कुल नौ वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। इनमें थाना जिगना से दो, कोतवाली शहर से एक, संतनगर से चार और जमालपुर से दो वारंटी शामिल रहे।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 21 लोगों का चालान
मीरजापुर। जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत 21 लोगों का चालान किया। इनमें मड़िहान थाना क्षेत्र से सात, जिगना से एक, पड़री से एक, चील्ह से एक, कोतवाली कटरा से चार, हलिया से दो, चुनार से दो तथा कोतवाली शहर से तीन व्यक्तियों पर कार्रवाई की गई।















