
दादो जंगल से 18 गोवंश बरामद, गो-तस्करी के आरोप में एक गिरफ्तार
मीरजापुर। अहरौरा थाना पुलिस ने गो-तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दादो जंगल क्षेत्र से वध के लिए ले जाए जा रहे 18 गोवंश बरामद किए हैं। इस दौरान एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में जनपद भर में अपराधियों और गो-तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर जंगल के रास्ते गोवंशों को क्रूरता पूर्वक मारपीट कर वध के लिए ले जा रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए अहरौरा थाना पुलिस ने दादो जंगल में घेराबंदी की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 18 गोवंश बरामद करते हुए हजारी बियार (59) पुत्र होरीलाल बियार निवासी यूसुफपुर, थाना जमालपुर, मीरजापुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार बरामद गोवंशों को अवैध रूप से वध के लिए ले जाया जा रहा था।
इस मामले में थाना अहरौरा पर मुकदमा संख्या 124/2026 के तहत गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5क/8 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। गिरफ्तार आरोपित के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बरामदगी एवं गिरफ्तारी की कार्रवाई उपनिरीक्षक राजकुमार सिंह, उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह एवं थाना अहरौरा पुलिस टीम द्वारा की गई।















