
वाराणसी। जीआरपी मिर्जापुर पुलिस ने ट्रेनों में यात्रियों का सामान चोरी करने वाले अंतरराज्यीय “साँसी गैंग” के चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के पाँच मोबाइल फोन, तीन अदद पीली धातु की चेन तथा अन्य चोरी का सामान बरामद किया है। बरामद सामान की कुल कीमत लगभग ₹4,900 बताई गई है। गिरोह के सदस्य उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों में ट्रेनों में चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
जीआरपी मिर्जापुर प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में गठित टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के दौरान मुखबिर की सूचना पर प्लेटफॉर्म संख्या-2 से चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे भीड़भाड़ वाली ट्रेनों में यात्रियों की लापरवाही का फायदा उठाकर मोबाइल फोन, नकदी और कीमती सामान चोरी करते थे। चोरी के बाद गिरोह के सदस्य अलग-अलग स्टेशनों पर उतरकर सामान आपस में बाँट लेते थे, जिससे पुलिस को उन तक पहुँचने में कठिनाई होती थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज राजपूत उर्फ गणेश सिंह, जीतू, मुकेश कुमार तथा सूरज उर्फ बेचन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी हरियाणा के रोहतक जनपद के रहने वाले हैं
और इनके विरुद्ध विभिन्न जनपदों में पहले से भी चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। जीआरपी मिर्जापुर ने आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों एवं चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त से जुड़े लोगों की तलाश भी तेज कर दी गई है।














