
मिर्जापुर में DIG पूनम ने की अपराध समीक्षा बैठक, गो-तस्करी और अवैध शराब पर सख्ती के निर्देश; गणेश विसर्जन को लेकर भी अलर्ट
मिर्जापुर। पुलिस उपमहानिरीक्षक विंध्याचल परिक्षेत्र, मीरजापुर पूनम ने शुक्रवार को गूगल मीट के माध्यम से परिक्षेत्र के तीनों जनपदों के पुलिस अधीक्षकों के साथ मासिक अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। DIG ने पुलिस अधिकारियों को कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में गो-तस्करी, अवैध शराब, मादक पदार्थों और अवैध शस्त्रों की तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। DIG पूनम ने गो-तस्करों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई करने तथा आपराधिक गतिविधियों से अर्जित चल-अचल संपत्तियों को जब्त कराने के निर्देश दिए। गो-तस्करी में प्रयुक्त वाहनों को शासनादेश के तहत जब्त कराने के लिए भी कड़े निर्देश दिए गए।
लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
अपराध समीक्षा के दौरान लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करने तथा वांछित, पुरस्कार घोषित अभियुक्तों और वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा गया। शिकायती प्रार्थना पत्रों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए।
भूमि संबंधी विवादों को राजस्व विभाग के सहयोग से सम्पूर्ण समाधान दिवस/समाधान दिवस में प्रभावी ढंग से निस्तारित कराने के लिए कहा गया। अपराध और अपराधियों पर नियंत्रण के लिए रात्रि गश्त मजबूत करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की नियमित चेकिंग कराने के निर्देश दिए गए।
DIG ने यक्ष एप के माध्यम से चोरी, लूट और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त अपराधियों का भौतिक सत्यापन कराने पर भी जोर दिया।
टॉप-10 अपराधियों पर कार्रवाई के निर्देश
जनपद के चिन्हित टॉप-10 अपराधियों के विरुद्ध गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट तथा गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत अवैध संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई कराने के निर्देश दिए गए। ऐसे अपराधियों की जमानत निरस्तीकरण के लिए भी प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।
महिला संबंधी अपराधों में त्वरित और कठोर कार्रवाई करने के साथ ही गोवध अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, आबकारी अधिनियम, चिन्हित माफिया तथा संपत्ति संबंधी अपराधों में विवेचना समय से पूर्ण करने और आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
POCSO मामलों में दो माह के भीतर विवेचना पूरी करने के निर्देश
DIG पूनम ने POCSO एक्ट से संबंधित मुकदमों में प्रत्येक दशा में दो माह के भीतर विवेचनात्मक कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए। अभियुक्तों के विरुद्ध न्यायालय में प्रभावी पैरवी करते हुए मामलों में शीघ्र सजा दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
अवैध शराब की तस्करी और मादक पदार्थों से जुड़े अभियुक्तों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करने तथा अधिक से अधिक बरामदगी सुनिश्चित करने के निर्देश भी पुलिस अधिकारियों को दिए गए।
गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
बैठक में आगामी गणेश उत्सव और गणेश प्रतिमा विसर्जन को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।
DIG ने विसर्जन स्थलों, संवेदनशील क्षेत्रों, जुलूस मार्गों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आयोजकों और संभ्रांत नागरिकों के साथ बैठक कर आवश्यक समन्वय स्थापित करने तथा स्थानीय स्तर पर शांति एवं सौहार्द का वातावरण बनाए रखने को कहा गया।
गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान जुलूस के निर्धारित मार्ग, समय और कार्यक्रम का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल, यातायात व्यवस्था और आवश्यक सुरक्षा प्रबंध करने को कहा गया।
संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त संख्या में पुलिस अधिकारियों और पुलिस बल की ड्यूटी लगाने के निर्देश भी दिए गए।
सोशल मीडिया पर निगरानी के निर्देश
DIG ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर), वाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। भ्रामक अथवा आपत्तिजनक पोस्ट सामने आने पर तत्काल संज्ञान लेकर पुलिस स्तर से उसका खंडन करने और भ्रामक पोस्ट फैलाने वालों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने को कहा गया।
स्थानीय अभिसूचना इकाई को भी विभिन्न गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।















