अयोध्या-विंध्याचल जाने वालों के लिए बड़ी खबर, हर वीकेंड मिलेगी यात्रा सुविधा

अयोध्या-विंध्याचल जाने वालों के लिए बड़ी खबर, हर वीकेंड मिलेगी यात्रा सुविधा

हर वीकेंड श्रद्धालुओं को मिलेगा सुगम दर्शन, यूपीएसटीडीसी ने पांच धार्मिक टूर पैकेज किए नियमित

लखनऊ, 17 जून। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने ‘विजिट माय स्टेट’ अभियान के तहत पांच प्रमुख धार्मिक वीकेंड टूर पैकेजों को नियमित कर दिया है। अब श्रद्धालु हर सप्ताहांत अयोध्या, नैमिषारण्य, चित्रकूट और विंध्याचल जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा सुगमता से कर सकेंगे।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं की बढ़ती मांग और व्यापक जनसमर्थन को देखते हुए ‘सुगम दर्शन’ सहित पांच धार्मिक टूर पैकेजों को नियमित सेवा के रूप में संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब लखनऊ से अयोध्या और नैमिषारण्य तथा प्रयागराज से अयोध्या, चित्रकूट और विंध्याचल धाम के लिए प्रत्येक सप्ताह निर्धारित दिनों में यात्राएं संचालित होंगी। विशेष बात यह है कि यदि किसी यात्रा में केवल दो श्रद्धालु भी बुकिंग कराते हैं, तब भी यात्रा रद्द नहीं की जाएगी।

यूपीएसटीडीसी द्वारा संचालित इन यात्राओं के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से बुकिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। समूह बुकिंग पर विशेष छूट भी दी जाएगी। वरिष्ठ नागरिकों को यात्रा शुल्क में विशेष रियायत का लाभ मिलेगा।

लखनऊ से अयोध्या के लिए ‘सुगम दर्शन’ यात्रा प्रत्येक शनिवार और रविवार को संचालित होगी। इस दौरान श्रद्धालु हनुमानगढ़ी, श्रीराम जन्मभूमि, कनक भवन, राम की पैड़ी, सरयू रिवर फ्रंट और नागेश्वरनाथ मंदिर के दर्शन कर सकेंगे। वरिष्ठ नागरिकों के लिए शुल्क 1500 रुपये तथा अन्य यात्रियों के लिए 2000 रुपये निर्धारित किया गया है।

इसी प्रकार लखनऊ से नैमिषारण्य के लिए प्रत्येक शुक्रवार विशेष यात्रा संचालित होगी, जिसमें चक्रतीर्थ, व्यास गद्दी, दधीचि कुंड, ललिता देवी मंदिर, बालाजी मंदिर और हवन कुंड सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। वरिष्ठ नागरिकों के लिए शुल्क 1000 रुपये तथा अन्य यात्रियों के लिए 1700 रुपये रखा गया है।

प्रयागराज से चित्रकूट के लिए हर शनिवार एक दिवसीय टूर पैकेज संचालित होगा। श्रद्धालु गुप्त गोदावरी, माता अनसूया आश्रम, स्फटिक शिला, राम दरबार, कामतानाथ मंदिर और हनुमान धारा के दर्शन कर सकेंगे। इस पैकेज का शुल्क 1000 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है।

वहीं प्रयागराज से विंध्याचल के लिए प्रत्येक शुक्रवार विशेष धार्मिक यात्रा संचालित होगी, जिसमें मां विंध्यवासिनी देवी, अष्टभुजा मंदिर और काली खोह के दर्शन कराए जाएंगे। इस पैकेज का शुल्क मात्र 600 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है।

इसके अलावा प्रयागराज से अयोध्या के लिए प्रत्येक रविवार एक दिवसीय धार्मिक यात्रा संचालित होगी। श्रद्धालु राम की पैड़ी में स्नान के साथ हनुमानगढ़ी, श्रीराम मंदिर और कनक भवन के दर्शन कर सकेंगे। इस यात्रा का शुल्क 1000 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है।

पर्यटन विभाग का मानना है कि इन नियमित धार्मिक टूर पैकेजों से प्रदेश में आध्यात्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी तथा श्रद्धालुओं को कम खर्च में सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अवसर प्राप्त होगा।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें