अहरौरा में एक करोड़ मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा

ट्रक का टायर फटने से घर में घुसा वाहन, तीन की मौत, दो घायल; मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा

मिर्जापुर। जनपद के अहरौरा थाना क्षेत्र के कुदारन चौराहे के पास गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने वाराणसी-सोनभद्र मार्ग को जाम कर दिया और मृतकों के परिजनों को मुआवजा दिए जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाराणसी से सोनभद्र की ओर जा रहा एक ट्रक सुबह करीब तीन बजे कुदारन चौराहे के पास अचानक टायर फट जाने से अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे स्थित एक मकान में जा घुसा। हादसे में मकान में मौजूद तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और आक्रोशित होकर वाराणसी-सोनभद्र मार्ग को अवरुद्ध कर दिया। चर्चा रही कि प्रदर्शनकारी मृतकों के परिजनों को एक करोड़ रुपये मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग कर रहे थे।

इसी दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और प्रदर्शन के दौरान पुलिस के एक वाहन को भी क्षतिग्रस्त किए जाने की चर्चा है। हालांकि प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

सूचना पर उप जिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मार्ग से जाम हटवाया। इसके बाद वाराणसी-सोनभद्र मार्ग पर यातायात को सामान्य कराया गया।

घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर वाराणसी भेजा गया है, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई में जुटे हुए हैं।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें