आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी समेत चार गिरफ्तार

आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी समेत चार गिरफ्तार, अवैध शराब और हथियार के साथ भी कार्रवाई
मीरजापुर, 15 जुलाई। जनपद पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी, हथियार के बल पर धमकी देने वाले व्यक्ति, अवैध शराब तस्कर और एक वारंटी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध शराब और एक रिवाल्वर भी बरामद किया है।
आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोपी गिरफ्तार
मड़िहान थाना क्षेत्र के परसौना गांव निवासी पंचमुखी ने अपनी बहन और उसके बच्चों को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का आरोप लगाते हुए शंभू कुमार उर्फ बच्चा के खिलाफ तहरीर दी थी। मामले में पुलिस ने धारा 108 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर बुधवार को आरोपी शंभू कुमार उर्फ बच्चा निवासी परसौना को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
जमीन विवाद में रिवाल्वर लहराने वाला दबोचा गया
मड़िहान थाना क्षेत्र के अमोई गांव में जमीन विवाद के दौरान एक पक्ष द्वारा रिवाल्वर लहराकर धमकी देने का मामला सामने आया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी विद्यासागर सिंह निवासी अमोई को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक रिवाल्वर और कारतूस बरामद किए गए हैं।
40 पैकेट देशी शराब के साथ युवक गिरफ्तार
संतनगर पुलिस ने सहरसा मटखना तिराहे के पास से गुड्डू निषाद निवासी बनकी को 40 पैकेट ब्लू लाइम देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
कोतवाली देहात पुलिस ने वारंटी पकड़ा
कोतवाली देहात पुलिस ने अभियान के दौरान वारंटी रजुली पासी निवासी घमहापुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
11 लोगों पर शांति भंग की कार्रवाई
जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत 11 लोगों का चालान किया। इनमें चील्ह थाना क्षेत्र के दो, हलिया के एक, अदलहाट के एक, ड्रमंडगंज के दो, राजगढ़ के तीन और जमालपुर थाना क्षेत्र के दो लोग शामिल हैं।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें