एपेक्स ट्रस्ट संस्थान में HPV जागरूकता सेमिनार का सफल आयोजन

*एपेक्स ट्रस्ट संस्थान में HPV जागरूकता सेमिनार का सफल आयोजन*
*सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम हेतु HPV वैक्सीनेशन जागरूकता एवं रजिस्ट्रेशन पर कैंसर रोग विशेषज्ञों ने किया जागरूक*

चुनार, मिर्जापुर। स्त्री वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा महा महिम राज्यपाई माननीय आनंदी बेन पटेल की प्रेरणा से संचालित “आनंदी माँ – एक जीवन बचाओ अभियान : कैंसर मुक्त भारत यात्रा 2026-27” के अंतर्गत एपेक्स वेलकेयर ट्रस्ट द्वारा संचालित एपेक्स ट्रस्ट हॉस्पिटल एंड डायग्नोस्टिक एवं एपेक्स के शिक्षण संस्थानों—आयुर्वेद, फार्मेसी, ट्रस्ट नर्सिंग कॉलेज एवं एलाइड हेल्थ पैरामेडिकल संस्थान, चुनार—में एपेक्स के चेयरमैन प्रो. डॉ. एस. के. सिंह के संरक्षण में HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) जागरूकता सेमिनार का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम, HPV संक्रमण के प्रति जन-जागरूकता तथा HPV वैक्सीनेशन के महत्व को समाज तक पहुँचाना था। सेमिनार में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता एवं एपेक्स की निदेशिका डॉ. अंकिता पटेल ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि सर्वाइकल कैंसर पूर्णतः रोके जाने योग्य कैंसरों में से एक है। समय पर HPV वैक्सीनेशन, नियमित स्क्रीनिंग तथा व्यापक जागरूकता के माध्यम से इस बीमारी से प्रभावी बचाव किया जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों से अपनी बेटियों एवं युवतियों को उचित आयु में HPV वैक्सीन अवश्य लगवाने का आग्रह किया।
एपेक्स की स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. पूजा सिंह ने सर्वाइकल कैंसर के प्रारंभिक लक्षणों, जोखिम कारकों तथा समय पर जांच के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श के माध्यम से इस बीमारी का प्रारंभिक अवस्था में पता लगाकर सफल उपचार संभव है।
ट्रस्ट नर्सिंग कॉलेज की प्रो. अनुषि ने HPV वैक्सीनेशन से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करते हुए टीकाकरण के वैज्ञानिक तथ्यों, इसकी सुरक्षा एवं प्रभावशीलता की जानकारी दी तथा सभी से जागरूक होकर वैक्सीनेशन अपनाने की अपील की।
एपेक्स आयुर्वेद संस्थान की सहायक प्राध्यापक डॉ. ज्योति ने आयुर्वेदिक दृष्टिकोण से महिला स्वास्थ्य, रोग प्रतिरोधक क्षमता तथा संतुलित एवं स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के दौरान एपेक्स के प्रबंधक विनोद वर्मा ने सभी प्रतिभागियों से HPV वैक्सीन के लिए पंजीकरण कराने एवं समय रहते वैक्सीनेशन करवाकर कैंसर मुक्त भारत के निर्माण में अपना अमूल्य योगदान देने का आह्वान किया।
सेमिनार में एपेक्स ट्रस्ट के चिकित्सकगण, विभिन्न संस्थानों के संकाय सदस्य, अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन ट्रस्ट नर्सिंग कॉलेज की प्रगति द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने एवं HPV वैक्सीनेशन को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें